माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। 1857 के क्रांतिनायक शहीद धनसिंह कोतवाल का जन्मोत्सव माह 30 अक्तूबर से 27 नवंबर तक देशभर में मनाया जाएगा। बृहस्पतिवार को शास्त्रीनगर में हुई प्रेसवार्ता में उनके प्रपौत्र तस्वीर सिंह चपराना ने यह जानकारी दी। जन्मोत्सव माह 30 अक्तूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शुरू होगा और 27 नवंबर को धनसिंह कोतवाल के जन्मोत्सव पर समाप्त होगा। इस दौरान विभिन्न राज्यों में खेल-कूद, पौधरोपण और विचार गोष्ठियां सहित कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। चपराना ने केंद्र और प्रदेश सरकार से धनसिंह कोतवाल की जीवनी को विभिन्न बोर्डों और विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग की। उन्होंने लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय में उनकी प्रतिमा और सभी पुलिस थानों में उनके चित्र लगाने की भी मांग की। प्रेसवार्ता में संस्थान के निदेशक प्रोफेसर देवेश चंद्र शर्मा, निदेशक प्रदीप सिंह गुर्जर, प्रदेश अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह धामा, विनय कुमार, संजय धामा और राजेंद्र कश्यप रहे।