मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र में रोड पर चांदसारा गांव के पास शनिवार शाम बेखौफ चार बदमाशों ने हथियारों के बल पर तीन घंटे तक यहां से गुजरने वाले सात राहगीरों से लूटपाट की। विरोध करने पर बदमाशों ने पीड़ितों को जमकर पीटा। वारदात के बाद बदमाश पीड़ितों को बंधक बनाकर झाड़ियों में फेंकते रहे। बदमाश दो बाइक, कई मोबाइल, हजारों की नकदी, आभूषण आदि सामान लूटकर फरार हो गए। पुलिस बदमाशों को तलाश रही है।
खरखौदा क्षेत्र के बदौली निवासी योगेंद्र शर्मा शनिवार शाम करीब 7:30 बाइक पर परतापुर से अपने गांव लौट रहे थे। लोहियानगर क्षेत्र में चांदसारा गांव के पास एकांत में चार बदमाश खड़े थे। बदमाशों ने योगेंद्र शर्मा को रोककर हथियारों के बल पर बाइक, दो मोबाइल, 22 सौ रुपये लूट लिए। बदमाशों ने हाथ-पैर और मुंह बांधकर उन्हें झाड़ियों में धक्का दे दिया। यहीं बाइक से जा रहे गाजियाबाद के भोवापुर निवासी योगिंद्रपाल और हापुड़ के सिखेड़ा निवासी प्रिंसपाल को भी बदमाशों ने रोक लिया। बदमाशों ने इनसे बाइक, दो मोबाइल, सोने और चांदी की अंगूठी, 11 सौ रुपये की नकदी लूट ली।
इसके बाद खरखौदा के बिजौली निवासी गिरीश पुत्र सतवीर को रोकने के लिए बदमाशों ने चलती बाइक पर डंडा मारकर उन्हें घायल कर दिया। बदमाशों ने गिरीश से तीन हजार की नकदी, मोबाइल, पर्स, कागजात लूट लिए। इसके बाद फफूंडा निवासी सोमदत्त शर्मा को रोककर उनसे 44 सौ रुपये और मोबाइल लूटा। चांदसारा गांव निवासी आशीष त्यागी से चार हजार की नकदी, बैग, पर्स और कागजात लूटे। इसके बाद फफूंडा के अनिल शर्मा को रोककर मोबाइल लूट लिया। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए बदमाश रात करीब 10:30 बजे परतापुर की ओर फरार हो गए।
बदमाशों के जाने के बाद पीड़ितों ने 112 नंबर पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने रातभर बदमाशों को तलाश किया, लेकिन वे हाथ नहीं आए। योगेंद्र शर्मा की ओर से घटना की तहरीर दी गई है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों को तलाश किया जा रहा है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
तीन घंटे तक बेखौफ की वारदात
चांदसारा गांव के पास बदमाशों का सड़क पर तीन घंटे तक कब्जा रहा। शाम करीब 7:30 से 10:30 बजे तक बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। एक के बाद एक बाइक सवार आते रहे और बेखौफ बदमाश उन्हें हथियार के बल पर बंधक बनाकर लूटपाट करते रहे। ग्रामीणों ने यहां पुलिस के रात्रि गश्त न करने पर सवाल खड़े किए हैं।