मेरठ।
आठ मई की शाम सात बजे से जागृति विहार एक्सटेंशन में अस्थाई मंडी शुरू करने का प्रशासन का दावा फेल साबित हुआ। शुक्रवार को मंडी स्थल पर रात नौ बजे तक काम चलता रहा और अंधेरा पसरा रहा। चौपहिया वाहनों की लाइट जलाकर काम किया गया। प्लान बदलने के बाद शुक्रवार सुबह से टेंट के पोल लगाने का काम शुरू किया गया था। पहले प्रशासन ने 120 दुकानें लगाने का प्लान तैयार किया था, लेकिन अब यह मात्र 56 दुकानों में सिमटता दिखाई दे रहा है। जिससे साफ है कि अस्थाई मंडी का प्लान फेल होता नजर आ रहा है। मंडी में लाइट व्यवस्था भी दुरुस्त नहीं हो पाई है। मैदान में गेट भी नहीं बनाए गए हैं और न पुलिस चौकी शुरू हुई है। मंडी में तीन गेट बनाये जाने थे। चार हिस्सों में सब्जी मंडी को लगाया जाना था, लेकिन एक हिस्सा भी पूरा नही हो सका है। इसके अलावा अस्थाई पुलिस चेक पोस्ट भी नही बनाई गई है।