मोदीपुरम। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। बीते कुछ दिनों से तेज धूप और शुष्क हवाओं के कारण गर्मी का एहसास हो रहा है। तापमान बढ़ने से धूल और प्रदूषण का स्तर भी बढ़ा है, जिससे सांस संबंधी मरीजों की परेशानियां बढ़ने लगी हैं। आगामी दो दिनों में मौसम में बदलाव के संकेत हैं। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बादल छाएंगे और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी। कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक यूपी शाही ने कहा कि बारिश से प्रदूषण भी कम होगा। अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वायु गुणवत्ता सूचकांक 165 रहा, जो खराब श्रेणी की ओर बढ़ रहा है।