फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News: बूंदाबांदी से तापमान गिरा, गर्मी से मिली कुछ राहत

Thu, 20 Apr 2023 12:05 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, मेरठ
विज्ञापन
विज्ञापन
सहारनपुर। बूंदाबांदी से अधिकतम तापमान में सात डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। साथ ही गर्मी से जूझ रहे लोगों को कुछ हद तक राहत मिली। मौसम विभाग ने जनपद में बृहस्पतिवार को भी बादलों के छाए रहने का अनुमान जताया है।
विज्ञापन

जनपद में एक अप्रैल के बाद से तापमान लगातार बढ़ रहा था। मौसम विभाग ने 20 अप्रैल तक बूंदाबांदी होने की संभावना जताई हुई थी, लेकिन एक दिन पहले 19 अप्रैल को ही मौसम ने करवट बदली। बुधवार की सुबह चार बजे तेज हवा चली। इसके साथ ही आसमान काली घटाओं से घिर गया। पश्चिमी क्षेत्र से उठीं काली घटाएं दोपहर 12 बजे तक पूरी तरह छट गईं और चटक धूप निकल आई। इसके बाद शाम के समय मौसम ने फिर से करवट बदली। साढ़े छह बजे आसमान काली घटाओं से पूरी तरह घिर चुका था। तेज हवा के साथ बूंदाबांदी शुरू हुई। दिन भर मौसम की इस अदला बदली से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जो अधिकतम तापमान एक दिन पहले मंगलवार को 40 डिग्री सेल्सियस था वह गिरकर 33 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। हालांकि न्यूनतम तापमान मंगलवार के 21.3 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 26 डिग्री सेल्सियस रहा।
किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें
इन दिनों गेहूं की कटाई और थ्रेसिंग चल रही है। मौसम को देखते हुए कई किसानों ने गेहूं की कटाई रुकवा दी, क्योंकि खड़ी फसल को नुकसान होेने की आशंका कम रहती है। यदि कटी फसल पर बारिश हो जाए तो फसल खराब हो जाती है। जिन किसानों के गेहूं कटे खेत में पड़े हैं वह चिंता में हैं और बारिश के टल जाने की प्रार्थना कर रहे हैं। उधर, आम के पेड़ों पर छोटे छोटे आम आए हुए हैं। तेज हवा के कारण आम की फसल को भी पांच से दस फीसदी नुकसान होने का अनुमान है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें