मेरठ। हरिकांत अहलूवालिया ने महापौर पद पर चुनाव जीतने के बाद शाम को कार्यकर्ताओं के साथ बाबा औघड़नाथ मंदिर में मत्था टेका। बाद में उन्होंने हनुमान चौक और काली माता मंदिर में आशीर्वाद लिया। उसके बाद में क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे जहां पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया ने उन्हें बधाई दी। यहां पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया। उसके बाद सभी जनप्रतिनिधियों के साथ हरिकांत अहलूवालिया शंकर आश्रम पहुंचे।
रात को जीत के बाद घर पहुंचने पर परिवार की महिलाओं ने उनका माला पहनाकर स्वागत किया एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। वहीं, भाजपा कार्यकर्ताओं की तरफ से कई जगहों पर मिठाई बांटकर जीत का जश्न मनाया गया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि मेहनत रंग लाई, पांच साल बाद महापौर में फिर भाजपा की सरकार आई।
दोपहर से ही शुरू हो गया था जश्न का माहौल
पार्षद प्रत्याशियों के दोपहर से ही रिजल्ट आने शुरू हो गए थे, इसके बाद से ही परतापुर कताई मिल से लेकर शहर भर में जश्न का माहौल बन गया। सुबह से ही स्पष्ट हो गया था कि हरिकांत अहलूवालिया जीत रहे हैं, जिसके बाद से भाजपा के कार्यालय पर जश्न का माहौल बन गया। जनप्रतिनिधि कताई मिल के पास बनाए गए कार्यालय पर पहुंच गए। जय श्रीराम के नारे गूंज उठे, भाजपा जिंदाबाद का शोर सुनाई देने लगा। शाम को सबसे बाद में महापौर के चुनाव की फाइनल मतगणना हुई तब तक सारे पार्षद जीत कर जा चुके थे, शहर में अलग-अलग सभी ने अपनी जीत का जश्न मनाया। सांसद राजेंद्र अग्रवाल, राज्यसभा सदस्य लक्ष्मीकांत वाजपेई, ऊर्जा मंत्री सोमेंद्र तोमर, विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, चुनाव संयोजक सुरेश जैन ऋतुराज, कमल दत्त शर्मा, सुनील वाधवा ने हरिकांत अहलूवालिया को मिठाई खिलाकर बधाई दी।