जोनल कार्यालय में टैक्स अधीक्षक और लिपिक भिड़े
मेरठ। कंकरखेड़ा श्रद्धापुरी स्थित निगम कार्यालय में हाउस टैक्स वसूली को लेकर टैक्स अधीक्षक और लिपिक में तकरार हो गई। अधीक्षक ने लिपिक पर शराब के नशे में होने और अभद्रता का आरोप लगाया तो लिपिक ने उन्हें अपने क्षेत्र में नहीं घुसने की चेतावनी दी। नगर निगम में टैक्स अधीक्षक बी लाल ने बताया कि टैक्स रिकवरी का काम चल रहा है। कंकरखेड़ा जोन के वार्ड 40 में लिपिक सुनील सिंह के पास टैक्स वसूली की जिम्मेदारी है। लिपिक ने अभी तक सिर्फ 32 हजार रुपये टैक्स वसूली की है। अन्य लिपिकों ने एक-एक लाख रुपये से भी ऊपर वसूली कर चुके हैं। मंगलवार को लिपिक से इस संबंध में बात करने श्रद्धापुरी स्थित निगम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने टैक्स वसूली बढ़ाने की बात की तो लिपिक ने नशे की हालत में गाली गलौज शुरू कर दी। अधीक्षक का आरोप है कि पूर्व में भी लिपिक उन्हें धमकी दे चुका है। वह ड्यूटी के समय भी शराब के नशे में रहता है। इसकी लिखित शिकायत मुख्य कर निर्धारण अधिकारी और नगरायुक्त से की जा रही है। इस संबंध में लिपिक से बात करने का प्रयास किया तो उनसे संपर्क नहीं हो पाया।