- डीएम के निरीक्षण में खुली पोल, बुलडोजर चलवाकर झूले और दुकान हटवाई
फोटो
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। नौचंदी मेले में अधिकारियों ने ठेकेदारों से मिलीभगत कर सर्कस की जगह पर झूले और दुकान लगवा दीं। डीएम के निरीक्षण में पोल खुली तो शुक्रवार सुबह बुलडोजर चलवाकर झूले और कई दुकान हटवा दीं। अपर नगर आयुक्त अवधेश कुमार का कहना है कि मेले में ग्रीन बेल्ट बनाई गई है ताकि आपातकाल में फायरब्रिगेड या अन्य गाड़ी मेले में पहुंच सके।
नौचंदी मेला स्थित पटेल मंडप में होने वाले कार्यक्रमों को लेकर नगर निगम के अधिकारियों पर तमाम आरोप लगे। मेले में सड़कों पर गड्ढे, जलभराव और अनियमित तरीके से झूले और दुकान लगवाने की शिकायत पर डीएम दीपक मीणा ने बृहस्पतिवार को मेले का औचक निरीक्षण किया, जिसमें निगम की व्यवस्थाओं की पोल खुल गई। डीएम ने निगम अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और गलत तरीके से एक झूला व दुकान लगाने पर नाराजगी जताई। बताया गया कि मेले में सर्कस की जगह पर बिना अनुमति के झूले और दुकान लगाई है। शुक्रवार सुबह अपर नगर आयुक्त अवधेश कुमार की देखरेख मेें बुलडोजर से झूले और दुकानों को हटाया गया।
-
डीएम ने मेला समिति के साथ बैठक की
कलक्ट्रेट सभागार में डीएम दीपक मीणा ने शुक्रवार को नौचंदी मेला समिति के साथ बैठक की। मेला परिसर में आवागमन मार्ग अतिक्रमण को हटाने, शुद्ध पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, पटेल मंडप में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए निमंत्रण, आगंतुक कलाकारों और स्कूली छात्र छात्राओं के लिए मोमेंटो, मेडल, प्रशस्ति पत्र, स्मारिका प्रकाशन तथा प्रचार-प्रसार की तैयारी के बारे में जानकारी ली। डीएम ने कहा कि मेला नौचंदी को पूरी भव्यता के साथ संपन्न कराया जाए। बैठक के बाद एडीएम ई अमित कुमार ने अधिकारियों के साथ मेला परिसर का निरीक्षण किया।