अंगदपुर के शूटर अखिल श्योराण को लक्ष्मण अवार्ड देते मुख्यमंत्री। स्रोत: परिजन
बागपत, बिनौली। पेरिस ओलंपिक का कोटा हासिल करने वाले अंगदपुर के शूटर अखिल श्योराण को लखनऊ में राज्यपाल व मुख्यमंत्री द्वारा लक्ष्मण अवार्ड से सम्मानित किया गया है। इस पर गांव में खुशी में मिठाई बांटी ओर जश्न मनाया गया।
अंगदपुर गांव के रहने वाले किसान रविंद्र श्योराण के बेटे अखिल श्योराण ने एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप 2024 जकार्ता में पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा के फाइनल मुकाबले में 460.2 के स्कोर कर स्वर्ण पदक जीता है। टीम स्पर्धा में भी अखिल श्योराण ने ऐश्वर्य प्रताप तोमर व स्वप्निल कुसाले के साथ स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले अखिल ने चीन के हांगझाऊ में एशियन गेम्स 2023 में भारतीय पुरुष 50 मीटर थ्री पोजिशन राइफल टीम में ऐश्वर्य तोमर, स्वप्निल कुसाले के साथ 1769 के रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता था।
अखिल ने अजरबैजान में आईएसएसएफ विश्व शूटिंग चैंपियनशिप व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य व टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर ओलंपिक का कोटा हासिल कर पहचान बनाई। इन उपलब्धियों को देखते हुए प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने शुक्रवार को लखनऊ में हुए समारोह में अखिल श्योराण को लक्ष्मण अवार्ड व धनराशि के चैक के साथ व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
अखिल को लक्ष्मण अवार्ड मिलने पर दादी विमला, पिता रविंद्र उर्फ बबलू, माता ममता ने, कोच विपिन राणा, विवेक आत्रेय, सचिन कौशिक, बिट्टू खान, खेलो इंडिया कोच महबूब पठान, सचिन कौशिक, संजीव तोमर आदि ग्रामीणों ने भी हर्ष व्यक्त किया है।