मिलावट का शक, 4500 किलो मावा कराया नष्ट
मेरठ। खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने बृहस्पतिवार को मिलावट के शक में 4500 किलो मावा बरामद किया। इसके 10 नमूने लेकर इसे नष्ट करा दिया गया है।
यह मावा कैंटर में सरधना से दिल्ली ले जाया जा रहा था, एफएडीए की टीम ने बिजली बंबा पुलिस चौकी के पास एक सूचना पर इसे पकड़ा। अभिहित अधिकारी दीपक सिंह ने बताया कि आगामी दीपावली पर्व के अवसर पर आम जनमानस को शुद्ध एवं स्वच्छ खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी, अनिल कुमार गंगवार के नेतृत्व में विशेष अभियान के तहत 4 टीमें गठित कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि बरामद किया गया मावा ग्राम कालंद, तहसील सरधना से दिल्ली लेकर जा रहे थे। मावा के 10 नमूने लिए गए हैं। नमूनों को राजकीय जन विश्लेषक प्रयोगशाला, लखनऊ भेजा जा रहा है। कार्रवाई करने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विक्की कृष्ण यादव, सुनील कुमार, सुभाष चंद्र मौर्य, अनंत कुमार, सुमनपाल, वैभव शर्मा, अनिल कुमार, रीना शर्मा, मोहित कुमार, मनोज कुमार आदि रहे। ब्यूरो
स्किम्ड मिल्क पाउडर के 70 कट्टे सीज
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सदर के निर्देशन में ग्राम काशी से खोया के तीन नमूने, ग्राम सोलाना में खोया और स्किम्ड मिल्क पाउडर का एक एक नमूना संग्रहीत किया गया। साथ ही स्किम्ड मिल्क पाउडर के 70 कट्टे सीज किए गए। इसके अलावा ग्राम जसड़ सुल्तान नगर, सरधना में रसभरी मिठाई का एक नमूना संग्रहीत किया गया। मिलावट के संदेह में 50 किलो सफेद रसगुल्ला नष्ट कराया गया।