ओडीओपी के दूसरे चरण के लिए सर्वे शुरू
मेरठ। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी एक जिला एक उत्पाद योजना के दूसरे चरण के लिए उत्पादों के चयन का सर्वे प्रारंभ हो गया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में औद्योगिक विकास को मजबूती देने के लिए इस योजना की शुरूआत की थी। प्रदेश के सभी जिलों में योजना के तहत उस जिले के मशहूर उत्पाद को चुना गया था। मेरठ के खेल उपकरणों को योजना के पहले चरण में लिया गया। अब दूसरे चरण के लिए उत्पादों के चयन की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। मेरठ में खेल उत्पादों के बाद अब ज्वेलरी कारोबार के साथ ही कालीन और कैंची पर भी सर्वे हो रहा है। मेरठ की ज्वेलरी, कैंची को भी ओडीओपी योजना के दूसरे चरण में शामिल किया जा सकता है। योजना में शामिल होने के बाद संबंधित उत्पाद का काम शुरू करने पर रियायती दरों व कम ब्याज पर ऋण दिया जाएगा। संबंधित उत्पाद की मार्केटिंग के लिए सुविधा भी मिलेगी। ऑनलाइन मार्केटिंग सहित अन्य प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न छूट प्रदान की जाएंगी।