दौराला। नए शैक्षिक सत्र के पहले दिन परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों का स्वागत किया गया। अझौता गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय में बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। प्रदीप पूनिया ने बताया कि छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर अभिनंदन किया गया और उन्हें निशुल्क पाठ्यपुस्तकें वितरित की गईं। इस दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।शिक्षिका किरण देवी के सेवानिवृत्ति होने पर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। सहकर्मियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर अजीत असगर, कविता, अंजू, संध्या और सुमित कुमार मौजूद रहे। गांव भराला स्थित प्राथमिक विद्यालय में इंचार्ज शशि कौशिक के नेतृत्व में शिक्षिकाओं ने बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया। नए सत्र के पहले दिन विद्यालयों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।