महालक्ष्मी डिग्री कालेज में टेबलेट के साथ छात्र छात्राएं। (स्त्रोत कालेज) मवाना।
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। महालक्ष्मी डिग्री कॉलेज में प्रदेश की डीजी शक्ति योजना के अंतर्गत टैबलेट छात्र-छात्राओं को वितरित किए गए। शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं कॉलेज चेयरमैन डाॅ. प्रवीण मित्तल, विशिष्ट अतिथि कॉलेज निदेशक डाॅ. मोहित यादव द्वारा संयुक्त रूप से मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कॉलेज में संचालित लगभग सभी पाठ्यक्रमों के 120 छात्र-छात्राओं को टैबलेट प्रदान किए गए। यह पहल उनके शैक्षिक विकास में तकनीकी सहयोग प्रदान करते हुए उन्हें डिजिटल युग की दौड़ में सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। डॉ. प्रवीण मित्तल ने कहा कि डिजिटल उपकरण केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि भविष्य निर्माण की कुंजी है। यदि छात्र इनका सदुपयोग करें तो वह नई ऊंचाइयों को छू सकते हैं। डॉ. मोहित यादव ने कहा कि आज का युग तकनीक प्रधान है और शिक्षा को डिजिटल से जोड़ना समय की आवश्यकता है। यह पहल विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में सक्षम बनाएगी। रजिस्ट्रार पवन शर्मा, संदीप कुमार और एकेडमिक डीन डॉ. राशिद ने छात्र-छात्राओं को डिजिटल साक्षरता अपनाने और तकनीकी संसाधनों का रचनात्मक प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया।