रोहटा। क्षेत्र के छात्रों ने मंगलवार को रोहटा स्थित बिजलीघर पहुंचकर विद्युत विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने दिन में बिजली सप्लाई दो घंटे बढ़ाने की मांग की है। छात्र कृष्णपाल, आकाश, अबरार, कामिल और अमित ने बताया कि वर्तमान में गांवों में सुबह 9:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक ही बिजली आपूर्ति होती है। छात्रों का कहना है कि यह समय अपर्याप्त है और अक्सर घंटों तक आपूर्ति बाधित रहती है। उन्होंने मांग की कि दिन की सप्लाई को शाम 5:00 बजे तक किया जाए, ताकि पढ़ाई प्रभावित न हो। छात्रों ने कहा कि परीक्षा के दिनों में बिजली कटौती से पढ़ाई पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। ऊर्जा निगम के एसडीओ उमर खां ने बताया कि इस बार शेड्यूल गलत तरीके से जारी हो गया है। इसे सुधारने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही व्यवस्था सामान्य की जाएगी।