- इंटर में सरस्वती बालिका विद्या मंदिर की छात्रा अदिति बनी जिला टॉपर
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज शामली के छात्र कार्तिक ने यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा में प्रदेश में दसवां स्थान प्राप्त करने के साथ ही जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। हाईस्कूल में जिले की सूची में पहले तीन स्थानों पर इसी कॉलेज के छात्रों ने परचम लहराया है। इंटर में सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कालेज शामली की छात्रा अदिति ने जिले में पहला और प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त किया है।
प्रधानाचार्य आनंद प्रसाद शर्मा ने बताया कि यूपी बोर्ड के हाईस्कूल के परीक्षा परिणाम में छात्र कार्तिक ने प्रदेश की टॉप-10 सूची में दसवां स्थान प्राप्त करके सहारनपुर मंडल और जनपद शामली टॉप कर कॉलेज का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार के लिए यह गौरवमयी क्षण है। छात्र वंश ने मंडल और जिले में द्वितीय स्थान और यश कुमार मिश्रा ने मंडल और जनपद में तृतीय स्थान प्राप्त किया। इंटरमीडिएट की परीक्षा में राजसिंह ने जिले में चौथा स्थान और कॉलेज में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
काॅलेज में अखिल शर्मा, विनय कश्यप ने क्रमशः द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रधानाचार्य आनंद प्रसाद शर्मा, उप प्रधानाचार्य मलूक चंद, प्रबंध समिति के अध्यक्ष चंचल गोयल, प्रबंधक विवेक संगल व कोषाध्यक्ष गौरव संगल ने संयुक्त रूप से मिठाई खिलाकर मेधावी छात्रों और उनके परिजनों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया।
उधर, सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज शामली की इंटर में छात्रा अदिति ने 96.20 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में सातवां और जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार ने बताया कॉलेज में दूसरे स्थान पर रही दीपाली ने 92.4 अंक व तीसरे स्थान पर रही आयुषी ने 91.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। हाईस्कूल में अवनी ने 95.17 प्रतिशत अंकों के साथ कॉलेज में प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर वंशिका मलिक ने 93.83 प्रतिशत और तीसरे स्थान पर रही वर्णिका गोयल ने 93.67 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। कॉलेज के स्टाफ ने मेधावी छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
हाईस्कूल में कार्तिक व इंटर में वर्षा रही प्रथम
शामली। महामना मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज जलालपुर में हाईस्कूल में कार्तिक शर्मा ने 85 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर रहे सागर सैनी ने 84.14 प्रतिशत और तीसरे स्थान पर रहे अवि सैनी ने 83.33 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इंटर में वर्षा 76.8 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम, शिवानी 72 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे और आकांक्षा 71.8 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही।