स्प्रिंग डेल्स पब्लिक स्कूल (मदर विंग) के प्रांगण में सिक्खों के प्रथम गुरु नानक देव जी की जयंत
मवाना। स्प्रिंग डेल्स पब्लिक स्कूल मदर विंग में सिखों के प्रथम गुरु नानक देव की जयंती के उपलक्ष्य में गुरु पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विशेष सभा का आयोजन हुआ। विद्यार्थियों को गुरु नानक के जीवन परिचय व गंगा स्नान की महत्ता के बारे में अवगत कराया। मोक्षदायिनी मां गंगा के पवित्र जल को स्वच्छ रखने के निर्देश भी दिए। इसी क्रम में गुरुद्वारा की सुंदर व अत्यंत मनमोहक झांकी को दर्शाया गया। सुंदर श्वेत आसन रंग-बिरंगी झालरों, फूलों से सुसज्जित था उस पर सिखों के पवित्र ग्रंथ गुरु ग्रंथ साहिब शोभायमान थे। तत्पश्चात गुरुवाणी का पाठ हुआ। अनिका धमीजा ने अपने मधुर कंठ से मूल मंत्र एक ओंकार सतनाम वाहेगुरु का जाप किया। अनेक सांस्कृतिक व धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित हुए। स्कूल प्रबंधक मनोज रस्तोगी व मीनू रस्तोगी ने विद्यार्थियों को गंगा स्नान व गुरु नानक जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं दी और गुरु नानक के उपदेशों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य प्रमोद राजपूत ने कार्तिक मास की महत्ता से बच्चों को अवगत कराया।