ऑनलाइन प्रतियोगिता में ले सकते हैं हिस्सा विद्यार्थी
मेरठ। कोरोना वायरस के संक्रमण की कड़ी तोड़ने के लिए 21 दिन का लॉकडाउन चल रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक की तरफ से रचनात्मक कार्यों के लिए पोस्टर मेकिंग व निबंध की ऑनलाइन प्रतियोगिता कराई जा रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक गिरजेश चौधरी ने बताया कि कोरोना वायरस को हराना है, भारत से भगाना है विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित कराई जाएगी। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता कक्षा 6 से 8 के लिए, निबंध प्रतियोगिता कक्षा 9 से 12 के लिए होगी। निबंध 1000 शब्दों में हिंदी अंग्रेजी किसी भी माध्यम में लिखा जा सकता है। किसी भी बोर्ड के विद्यार्थी घर बैठे ही इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकते हैं। प्रविष्टियां 5 अप्रैल तक शाम 5:00 बजे तक dios.mrt@gmail.com पर भेज सकते हैं। प्रतियोगिता में चयनित 50 विद्यार्थियों को दूसरे चरण की प्रतियोगिता में हिस्सा लेना होगा। अंतिम रूप से चयनित प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं को नकद पुरस्कार दिया जाएगा।