ए एस इंटर कालेज की छात्रा सना बनी एक दिन की ईओ नगर पालिका में। (मवाना)
मवाना। एएस इंटर कॉलेज की कक्षा 11वीं की छात्रा सना को मिशन शक्ति 5.0 के तहत एक दिन का नगर पालिका का अधिशासी अधिकारी बनाया गया। छात्रा सना ने पालिका पहुंचकर अधिशासी अधिकारी राजीव कुमार से ईओ का चार्ज संभाला। चार्ज संभालते ही नगर पालिका के जरूरी दस्तावेजों की जांच की। साथ ही पालिका के सभी अधिकारियों को कस्बे को जाम मुक्त कराने, सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। सना ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने हाईस्कूल में 90 फीसदी अंक प्राप्त किए थे। साथ ही प्रदेश सरकार ने मिशन शक्ति अभियान चलाकर नारी सशक्तीकरण को सशक्त करने व सम्मान देने का जो काम किया है वह अद्वितीय कार्य है। नगर पालिका के चेयरमैन अखिल कौशिक ने कहा कि सरकार ने मिशन शक्ति अभियान के तहत नारियों को जो सम्मान दिया है उसके तहत सना को एक दिन का ईओ का चार्ज मिला है। चेयरमैन व अधिशासी अधिकारी ने छात्रा सना को सम्मानित किया। सना ने कहा कि वह एक दिन की ईओ बनने पर गर्व महसूस कर रही है। उन्होंने नगर को साफ स्वच्छ रखने, सड़कों को जाम मुक्त करने, पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने का संदेश दिया।