मेरठ में आंधी और बारिश ने शहर से लेकर देहात तक बिजली गुल कर दी है। कई जगह पेड़ टूट गए। शहर की ढाई लाख आबादी को नौ घंटे तक बिजली और पानी नहीं मिले। आंधी में आम की फसल को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। शाहजहांपुर की मंडी में कच्चा आम मात्र सात रुपये किलो बिका। शास्त्रीनगर, मंगतपुरम, फूलबाग काॅलोनी, मोहकमपुर में सुबह 11 बजे तक आपूर्ति सुचारु हुई।
तेज हवा के कारण जागृति विहार सेक्टर 8 क्षेत्र में 11 केवी की लाइन का तार टूट गया। इस कारण पूरे जागृति विहार में सुबह 3 बजे से लेकर 9 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। इस कारण क्षेत्र में पानी की सप्लाई भी नहीं हो पाई। यही हाल रजबन क्षेत्र का भी रहा। यहां पेड टूटकर 11 केवी की लाइन के ऊपर गिर गया, जिस कारण सुबह 5 बजे से लेकर 10 बजे तक क्षेत्र की बिजली गुल रही। सुबह विद्युत विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पेड़ को हटाया और विद्युत आपूर्ति सुचारू कराई। शास्त्रीनगर के ब्लॉक, एल ब्लॉक, लोहिया नगर में भी 11 केवी की लाइन में हवा और बारिश के कारण फाल्ट हुए। इस कारण इन क्षेत्रों में भी सुबह के समय बिजली नहीं रही।
दिल्ली रोड स्थित मंगतपुरम, सूर्या पैलेस, सूर्यापुरम, मेजर ध्यानचंद नगर, जाकिर काॅलोनी, विकासपुरी, मंगलपांडे नगर, पांडव नगर, न्यू प्रभात नगर, साकेत, हापुड़ रोड, जयभीम नगर में सुबह 11 बजे आपूर्ति सुचारु हो पाई। पल्लवपुरम फेज वन, फेज दो, उदय सिटी काॅलोनी, मोदी काॅलोनी, जनता काॅलोनी, अप्पू एंक्लेव, रुडकी रोड काॅलोनी, मधुर एंक्लेव, अक्षरधाम काॅलोनी, विवेक विहार काॅलोनी आदि में 50 हजार से अधिक लोग पानी के लिए तरस गए। अधीक्षण अभियंता शहर राजेंद्र बहादुर ने बताया कि कई जगह पर तेज हवा के कारण फाल्ट और तार टूटने के मामले सामने आए थे। जिन्हें टीम भेजकर सही कराया गया।
बारिश से धूला प्रदूषण, मौसम साफ
मोदीपुरम। तीन दिन से खतरनाक स्तर पर पहुंचा प्रदूषण बारिश में धुल गया। इससे लोगों को राहत मिली है। मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 34.2 न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बारिश 12 मिमी. रिकाॅर्ड की गई।
सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डाॅ. यूपी शाही का कहना है कि लो प्रेशर के बनने के चलते मौसम में बदलाव आया और आंधी के साथ बारिश हो गई। बारिश से प्रदूषण धूल गया और तापमान में भी गिरावट रहेगी। अभी तीन चार दिन तक राहत के आसार हैं। मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स 337 से गिरकर 116 दर्ज किया गया। जयभीमनगर 128, गंगानगर 68, पल्लवुपरम 152, दिल्ली रोड 166, बेगमपुल 175 दर्ज किया गया।
शाहजहांपुर मंडी में सात रुपये किलो बिका कच्चा आम
किठौर। बुधवार देर रात तेज आंधी से आम की फसल को भारी नुकसान है। आंधी से बागवानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। शाहजहांपुर मंडी में कच्चा आम मात्र सात रुपये किलो बिका। मेरठ गढ़ मार्ग स्थित शाहजहांपुर फल मंडी में नेपाल, सिलीगुडी, बंगाल आदि से भी व्यापारी आम खरीदने आते हैं। इस बार जनवरी में आम की बंपर फसल की संभावना जताई जा रही थी। लेकिन मार्च से लगातार आ रही आंधी ने किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया है। अब आम की मात्र 30 प्रतिशत फसल ही रह गई है।