सहारननपुर, बड़गांव। गांव सहजी में बच्चों की लड़ाई को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। दोनों तरफ से पथराव भी हुआ। इसमें दो महिलाओं सहित आठ लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने पुलिस को दी तहरीर देकर एक दूसरे पर मारपीट व पथराव करने के आरोप लगाए हैं।
शनिवार को गांव सहजी निवासी साजिद और न्यामू पक्ष के बच्चों में किसी बात पर मारपीट हो गई थी। बच्चे गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में पढ़ते हैं। बच्चों की लड़ाई को लेकर दोनों पक्ष के लोग आमने सामने आ गए थे। दोनों ही पक्षों ने शनिवार की रात पुलिस को तहरीर दी थी लेकिन पुलिस ने एक ही समुदाय के बीच मामला होने के कारण हल्के में लिया। रविवार की सुबह ग्रामीणों ने दोनों पक्षों में सुलहनामा कराकर मामले को शांत करा दिया था।
आरोप है कि एक पक्ष थाने से घर लौट रहा था तो रास्ते में दोनों पक्षों में फिर से पथराव होने लगा। पथराव में एक पक्ष के अर्शलान, दीनू, शकीला व दूसरे पक्ष साजिद, साकिब, अब्दुल, जुल्फिकार, इमराना सहित आठ लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया।
पुलिस ने दोनों पक्ष के एक-एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर थाने पर बैठा लिया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मारपीट व पथराव करने का आरोप लगाकर थाने पर तहरीर दी है। दोनों पक्षों के सात लोगों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है।