मेरठ। कैंट बोर्ड ने सदर क्षेत्र में दीवान पब्लिक स्कूल और आसपास के लोगों की जलभराव की समस्या का समाधान कर दिया है। लोग इस समस्या को लेकर लंबे समय से शिकायत कर रहे थे। कैंट बोर्ड अध्यक्ष ब्रिगेडियर संजीव कुमार सिंह और मुख्य कार्यकारी अधिकारी जाकिर हुसैन ने इस पर विचार-विमर्श किया। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने सहायक अभियंता पीयूष गौतम को समाधान के निर्देश दिए। पीयूष गौतम की टीम ने दिन-रात काम कर मंगलवार को यह कार्य पूरा किया। टीम ने पाया कि वेस्ट एंड सड़क पर पुरानी डाट की पुलिया नीची होकर भर चुकी थी। इसके बाद टीम ने छुट्टी के दिन सड़क खोदकर उसमें ह्यूम पाइप डाले। सड़क को तुरंत चालू कर दिया गया ताकि लोगों को असुविधा न हो। कैंट बोर्ड के इस कार्य की स्कूली बच्चों के अभिभावकों, व्यापारियों और क्षेत्र के लोगों ने सराहना की।