मेरठ में पांच साल की मानवी के अपहरण के मामले में छह टीमें 60 घंटे तक छानबीन में जुटी हैं, लेकिन न तो बच्ची का कुछ पता चला और न ही आरोपी युवक हाथ आया। आरोपी सीसीटीवी कैमरे में टीपीनगर थाने के सामने से होते हुए मलियाना पुलिस चौकी तक अकेला ही पैदल जाता दिखाई दिया है। वहीं, एक कैमरे में बाइक पर एक युवक के साथ देखा गया। इस रास्ते से लौटते समय वह सीसीटीवी कैमरे में नहीं दिखा। अंदेशा है कि बच्ची को आरोपी एनएच-58 हाईवे या फिर दूसरे रास्ते से लेकर गया है।
मुल्ताननगर में जिस जगह से बच्ची को अगवा किया, वह आम रास्ता नहीं है। आशंका है कि पूरी प्लानिंग से बच्ची को उठाया गया। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी और बच्ची की तस्वीर देखी गई है। इसमें उनके बीच कुछ बातचीत हुई है। यह देखकर लग रहा है कि आरोपी बच्ची को लेने ही आया था। रात में 11 बजे बच्ची घर से बाहर कैसे आई, इसका जवाब अभी उसके पिता नहीं दे पा रहे हैं। शुक्रवार को पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरे देखे। पुलिस ने बच्ची के अपहरण से पहले और बाद की फुटेज खंगाली।
पुलिस के मुताबिक बुधवार रात 10:23 मिनट पर आरोपी मेट्रो प्लाजा के सामने लगे कैमरे में भूमिया पुल की तरफ से आते पैदल दिखा दिया। उसके बाद बागपत रोड से टीपीनगर थाने के सामने से गुजरते हुए मलियाना पुलिस चौकी तक कई कैमरों में पैदल ही जाते दिखा गया। यह रास्ता आरोपी ने पैदल चलकर 27 मिनट में पूरा किया। मलियाना पुलिस चौकी के पास भोला रोड पर जाते हुए एक कैमरे में आरोपी बाइक पर एक युवक के साथ मुल्ताननगर की तरफ जाते देखा गया। बच्ची को अगवा करने में दो आरोपी शामिल हो सकते हैं।