मेरठ। नवीन सब्जी और गल्ला मंडी की दुकानों का समय से किराया आदि जमा न करने पर मंडी समिति प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन ने छह दुकानें निरस्त कर दी हैं। साथ ही उन सभी व्यापारियों को चेतावनी दी है जो दूसरे की दुकान पर कारोबार कर रहे हैं और ईकेवाईसी नहीं कराई है। ऐसे सभी व्यापारियों के लाइसेंस निलंबित किए जाएंगे। मंडी समिति के सचिव कुलदीप सैनी का कहना है कि नवीन और लोहियानगर मंडी में काफी व्यापारी ऐसे हैं जिन्होंने काफी समय से दुकानों का किराया ही जमा नहीं किया है। नोटिस देने के बाद भी व्यापारी गंभीर नहीं हुए हैं। इस कारण सब्जी मंडी की पांच और गल्ला मंडी की एक दुकान का आवंटन निरस्त कर दिया गया है। सभी को निर्देश दिए गए हैं कि ईकेवाईसी जरूर कराएं। अगर 15 दिन के भीतर ऐसा नहीं कराते हैं तो लाइसेंस निलंबित किए जाएंगे। ब्यूरो