सपा सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस समय कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट है। अपराध लगातार बढ़ रहे है। उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार ने अपने तीन महीने के कार्यकाल में अभी तक कोई नया काम नहीं किया है। प्रदेश सरकार ने अभी तक कोई नया बजट भी पास नहीं किया है। हमारी सरकार ने जो बजट पास किया था, उसी से प्रदेश में काम कराए जा रहे हैं। पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव शुक्रवार को सपा नेता पिंटू राणा की रस्म पगड़ी में शामिल होने मेरठ आए थे। शिवपाल यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट है। रोज अपराध हो रहे हैं, बड़ी बड़ी घटनाएं हो रही है, सरकार रोकने में विफल है, पुलिस पर हमले हो रहे हैं। जबकि प्रदेश की बीजेपी सरकार ने दावा किया था कि 45 दिन में हम क्राइम कंट्रोल कर दिखाएंगे। शिवपाल यादव ने कहा कि योगी सरकार को तीन महीने काम करते हुए हो गए हैं, लेकिन अभी तक एक भी कोई नय काम प्रदेश की सरकार ने नहीं किया है। हमने प्रदेश की बीजेपी सरकार को 6 महीने का समय दिया है। 6 महीने बाद हम सरकार से उसके काम काज का हिसाब मांगेंगे। अभी तीन माह हुए है, तीन माह में सरकार फेल हो गई है। छह माह में सुधार नहीं होगा तो फिर सरकार का विरोध किया जाएगा। इस दौरान अखिल भारतीय राजपूताना परिवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयचंद भदौरिया, आचार्य प्रमोद कृष्णम शामिल रहे।