सुनील कैथवास....रक्षाबंधन के मौके पर जेल में भाइयों को राखी बांधने के लिये लाइन में लगी बहनें।
मेरठ। चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में बंद बंदियों को रक्षा सूत्र बांधने के लिए उनकी बहनें जेल पहुंचीं। यहां 2419 महिलाओं ने अपने भाइयों से मुलाकात कर राखी बांधी और इन मुलाकातीं महिलाओं के साथ 1105 बच्चे भी अपने परिजनों के साथ आए। राखी बांधने के बाद कुछ बहनों के आंसू भी छलक आए। वहीं, 12 भाई जेल में बंद अपनी बहनों से मिलने के लिए आए। इस दौरान भाई बहनों के आंसू भी छलक पड़े। वरिष्ठ जेल अधीक्षक डाॅ. वीरेश राज शर्मा ने बताया कि जेल में ऐसी 67 महिला बंदी है, जिनके भाई नहीं हैं या फिर वह मिलने के लिए नहीं आए। इन बहनों ने डाॅ. वीरेश राज शर्मा को राखी बांधकर मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। डाॅ. शर्मा ने मिठाइयां व अन्य उपहार दिए। रक्षाबंधन के उपलक्ष में कारागार प्रशासन ने बाहर टेंट लगाकर बैठने की खास व्यवस्था की। संवाद