मेरठ। पत्नी द्वारा लॉकडाउन का उल्लंघन करने की शिकायत लेकर मंगलवार को एक युवक लिसाड़ी गेट थाने में पहुंचा। पुलिस की जांच में पत्नी पर लगाए गए आरोप गलत मिले। इंस्पेक्टर लिसाड़ीगेट प्रशांत कपिल के मुताबिक, मंगलवार को एक युवक थाने आया। उसने बताया कि मना करने के बावजूद पत्नी लॉकडाउन का उल्लंघन कर रही है। वह पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराना चाहता है। यह सुनकर सभी हैरान रह गए। इंस्पेक्टर ने मामले की जांच तो आरोप गलत मिले। युवक की पत्नी कई दिनों से घर से बाहर नहीं निकली। इंस्पेक्टर के मुताबिक, उक्त युवक एक दुकानदार के यहां नौकरी करता था। दुकानदार ने गरीबों के लिए भंडारा लगाया था। युवक बार-बार पुलिस से सपोर्ट की मांग कर रहा था, लेकिन दो दिन बाद भंडारा बंद हो गया। अब युवक ने खुद को हाईलाइट करने के लिए पत्नी पर आरोप लगा दिया। सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला के मुताबिक युवक द्वारा लगाए गए आरोप गलत मिले हैं। युवक के खिलाफ जांच बैठा दी गई है।