सरूरपुर। गांव भलसौना में एसआईआर कार्य का निरीक्षण करती महिला आयोग की सदस्य। स्वयं
सरूरपुर। विकास खंड के गांव भलसौना और भूनी में बुधवार को राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला ने मतदाता सूची के विशेष एसआईआर अभियान की समीक्षा की। उन्होंने बीएलओ के साथ बैठक कर घर-घर चल रहे सत्यापन कार्य, महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने, हटाने की प्रक्रिया और अभियान की प्रगति की जानकारी ली। भूनी गांव में रजनीश के आवास पर आयोजित बैठक में डॉ. भराला ने बूथ संख्या 51, 52 और 53 की बीएलओ से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पात्र महिलाओं के नाम हर हाल में मतदाता सूची में जोड़े जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने विशेष रूप से नवविवाहित, दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिक महिलाओं के नाम जोड़ने में संवेदनशीलता बरतने पर जोर दिया। यदि किसी क्षेत्र से लापरवाही की शिकायत मिलती है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। इस दौरान भाजपा नेता सतेंद्र भराला, सुबोध त्यागी, डॉ. राजसिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।