मेरठ। टीपीनगर थाना पुलिस ने दस दिन पहले दिल्ली रोड पर स्पेयर पार्टस की दुकान में चोरी करने वाले आरोपी रिठानी निवासी हनी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उनके पास से साढ़े 51 हजार रुपये बरामद हुए है। सीओ ब्रहमपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि 15 सितंबर को वीर नगर निकट पुरानी दिल्ली चुंगी निवासी राजीव जैन ने टीपीनगर थाने पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया था कि चोर सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते से दुकान में घुसकर गल्ले से करीब तीन लाख रुपये व चांदी के गणेश-लक्ष्मी के सिक्के चोरी करके ले गए थे। पुलिस ने जांच और सीसीटीवी की मदद से रविवार सुबह घटना को अंजाम देने वाले आरोपी हनी को ट्रांसपोर्ट नगर से बहादुर मोटर्स जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। हनी सेक्टर-6 रिठानी थाना परतापुर का रहने वाला है। इन दिनों वह सेक्टर-3 माधवपुरम में रह रहा था। उसके पास से चोरी किए रुपयों में से 51 हजार 500 रुपये और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में उसने बताया कि उसने यह मोबाइल भी चोरी किए गए रुपयों से खरीदा था। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। संवाद