नांगलसोती के मोहल्ला टंकीवाला में घर तक पहुंचा मगरमच्छ। (स्रोत-ग्रामीण)
बिजनौर, नांगलसोती। तालाब से निकलकर एक मगरमच्छ नांगलसोती के आबादी क्षेत्र में पहुंच गया। घर के दरवाजे पर मगरमच्छ देखकर लोगों के होश उड़ गए। ग्रामीणों ने बमुश्किल मगरमच्छ को पकड़ा और वन विभाग की टीम के सुपुर्द कर दिया।
नांगलसोती में बारिश होने पर बुधवार को तड़के एक मगरमच्छ गांव के तालाब से निकलकर आबादी क्षेत्र में पहुंच गया। मोहल्ला टंकीवाला में मगरमच्छ ने कई घरों में घुसने का प्रयास किया, लेकिन सुबह अधिकांश घरों के दरवाजे बंद होने से मगरमच्छ किसी भी घर में प्रवेश नहीं कर सका। सुबह घरों से बाहर आने पर लोगों को करीब सात फीट लंबा मगरमच्छ सड़क पर नजर आया। मगरमच्छ को देखकर लोगों में हड़कंप मच गया। शोर सुनकर अन्य ग्रामीण भी घरों से बाहर निकले। ग्रामीणों की भीड़ ने बमुश्किल से मगरमच्छ को पकड़कर रस्सियों के सहारे बांध दिया।
ग्रामीणों की सूचना पर वन दरोगा राहुल गिरी, वनकर्मी बबलू, अनुज शुक्ला मौके पर पहुंचे। उन्होंने मगरमच्छ को अपने कब्जे में लेकर गंगा नदी में छुड़वा दिया।