सहारनपुर। स्मार्ट सिटी में हवा की गुणवत्ता जांचने के लिए छह स्थानों पर सेंसर लगाए जाएंगे, साथ ही खाताखेड़ी और कुतुबशेर क्षेत्र के लकड़ी बाजारों का सुंदरीकरण किया जाएगा। इसके अलावा महानगर के प्रवेश मार्गों पर भव्य द्वार बनाए जाएंगे, जो शहर की पहचान से जुड़े होंगे। बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में हुई स्मार्ट सिटी बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में यह तमाम निर्णय लिए गए।
स्मार्ट सिटी लिमिटेड सहारनपुर के चेयरमैन/मंडलायुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद की अध्यक्षता में हुई बैठक में सबसे पहले स्मार्ट सिटी सहारनपुर की सीईओ रही गजल भारद्वाज के स्थान पर नगरायुक्त संजय चौहान को को सीईओ नियुक्त करने का प्रस्ताव पास किया गया। इसके बाद बैठक के एजेंडे पर बात हुई। इसमें महानगर में छह स्थानों पर एयर क्वालिटी जांचने करने के लिए एनवायरमेंटल सेंसर लगाने का प्रस्ताव पास किया गया। यह सेंसर शहर के औद्योगिक क्षेत्र, अति व्यस्त यातायात क्षेत्र, आवासीय क्षेत्र, हरित क्षेत्र, संस्थागत क्षेत्र और नदी-तालाब आदि किसी जलीय क्षेत्र के निकट लगाए जाएंगे।
सर्किट हाउस रोड पर बने डिवाइडर पर आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, पौधरोपण आदि कर सुंदर बनाया जाएगा। काष्ठ कला के प्रमुख बाजार खाताखेड़ी तथा थाना कुतुबशेर के सामने स्थित लकड़ी बाजार के प्रवेश स्थानों पर सुंदर गेट बनाए जाएंगे। दोनों बाजारों में पौधरोपण, प्रकाश व्यवस्था, साइनेज व पाथ-वे बनाने के साथ सुंदरीकरण किया जाएगा। बैठक में एसडीए वीसी आशीष कुमार, मुख्य अभियंता विद्युत निगम एसके अग्रवाल, नोडल अधिकारी सीपी सिंह, अधिशासी अभियंता अमरेंद्र गौतम, सचिव शंकर तायल, डीजीएम सिविल दिनेश सिंघल आदि मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने दिया सुझाव
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने शहर में स्मार्ट सिटी के तहत लगाई गई स्मार्ट एलईडी स्क्रीन पर सरकारी योजनाओं व जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को भी प्रसारित करने का सुझाव दिया। स्वतंत्र निदेशक प्रमोद सडाना ने सुझाव दिया कि शहर के बाहर किसी क्षेत्र को चिह्नित कर उसे वुडकार्विंग सिटी के रूप में विकसित किया जाए।