मेरठ। टीपीनगर पुलिस ने एनएच-58 स्थित वेदव्यासपुरी से बिना टैक्स दिए सामान भरकर ले जा रही तीन टूरिस्ट बसों को सीज कर दिया है। सूचना पर पहुंची वाणिज्य कर टीम ने बसों में भरे बिना बिल के सामान को जब्त कर लिया है।
थाना प्रभारी संत शरण सिंह ने बताया कि पुलिस टीम एनएच-58 पर गश्त कर रही थी। वेदव्यासपुरी के सामने पुलिस टीम ने देखा कि जयपुर जाने वाली तीन टूरिस्ट बसों में बिना बिल सामान भरकर ले जाया जा रहा है। पुलिस ने तीनों बसों को रुकवा लिया और वाणिज्य कर विभाग को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची वाणिज्य कर विभाग की टीम ने बस चालकों से बिल के बारे में पूछा तो वह कुछ नहीं दिखा पाए। इसके बाद विभाग की टीम ने तीनों बसों में बैठे यात्रियों को नीचे उतारकर सामान को जब्त कर लिया। वहीं, पुलिस ने तीनों बसों को सीज कर थाने में खड़ा कर दिया। इसके बाद बस चालकों ने यात्रियों को अन्य बसों से उनके गंतव्य तक पहुंचवाया।