एंटी करप्शन की टीम ने विद्युत वितरण खंड प्रथम में शुक्रवार दोपहर छापा मारा और अकाउंटेंट पंकज खन्ना को 5 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पंकज खन्ना जीपीएफ फंड निकालने के नाम पर यह रिश्वत मांग रहे थे। कारपोरेशन में जेई मुकेश कुमार ने अपनी बेटी की शादी के लिए जीपीएफ फंड निकालने के लिए आवेदन किया था। इस फंड को निकालने की एवज में अकाउंटेंट पंकज खन्ना द्वारा लगातार पांच हजार की डिमांड की जा रही थी। एंटी करप्शन की टीम को पूरा प्रकरण बताया और मदद की गुहार लगाई। शुक्रवार दोपहर एंटी करप्शन के प्रभारी निरीक्षक अशोक राणा अपनी टीम के साथ पावर कारपोरेशन के दफ्तर पहुंचे और टीम के साथ अकाउंटेंट पंकज को रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी पंकज खन्ना मुरादाबाद के मंडी चौक क्षेत्र का रहने वाला है। वह यहां पिछले 2 साल से कार्यरत है।