सेंट्रल मार्केट में एसडीएम की पत्नी से लूट, पांच सौ मीटर तक बदमाशों के पीछे दौड़ीं
मेरठ। सेंट्रल मार्केट में बुधवार को बाइक सवार बदमाशों ने एसडीएम की पत्नी और उनकी बेटी से सरेबाजार पर्स लूट लिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। एसडीएम की पत्नी और बेटी ने पांच सौ मीटर तक बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ सके। हैरान करने वाली बात यह है कि घटना के करीब पौन घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ ने नौचंदी पुलिस को गंभीरता से कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पर्स में दो हजार रुपये और मोबाइल था। सीसीटीवी फुटेज पर पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। वहीं व्यापारियों ने लूट की घटना को लेकर रोष जताया।
शास्त्रीनगर ई-ब्लाक निवासी रामजी लाल सहारनपुर में एसडीएम हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती सहारनपुर विकास प्राधिकरण में सचिव के पद पर है। बुधवार शाम एसडीएम की पत्नी कुंती बेटी के साथ सेंट्रल मार्केट में खरीदारी करने गई थीं। सामान खरीदने के बाद दोनों स्कूटी से जा रही थीं। जैसे ही कुछ दूर चली तभी बाइक सवार दो बदमाश आए और उनसे पर्स लूटकर फरार हो गए। शोर मचाया लेकिन कोई मदद के लिए नहीं आया। जिसके बाद हिम्मत दिखाते हुए मां-बेटी ने स्कूटी से बदमाशों का पीछा भी किया, वह भागने में कामयाब हो गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई थी। घटना के बाद व्यापारियों में भी आक्रोश है। उन्होंने पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग रखी है। एसपी सिटी पीयूष सिंह ने बताया कि बाइक सवार दो बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
... तो लिसाड़ी गेट के हैं बदमाश
सीओ अरविंद चौरसिया ने बताया कि आरोपी घटना करने के बाद आरोपी गढ़ रोड की तरफ भागे। कुछ सीसीटीवी देखी है, जिसके आधार पर पता लगाया कि आरोपी लिसाड़ी गेट की तरफ भागे है। प्रथम दृष्टया पुलिस बदमाशों को लिसाड़ी गेट का मानकर चल रही है। पुलिस फुटेज के आधार पर जांच पड़ताल कर रही है।
पुलिस की सक्रियता की खुल रही पोल
घटना के बाद पुलिस की सक्रियता की भी पोल खुल गई। बदमाश लूट करके भाग गए और पुलिस हाथ पर हाथ धरकर बैठी रही। एक तरफ तो एसएसपी ने बाजारों में पुलिस को पैदल मार्च निकालकर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए हुए हैं। वहीं दूसरी ओर बदमाश लूटपाट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस के लिए चुनौती बन रहे है।
कार्रवाई करने के लिए नौचंदी पुलिस और सीओ सिविल लाइन को निर्देश दिए है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
कंकरखेड़ा में बदमाशों ने व्यापारी के घर पर बोला धावा, भागे बदमाश
कंकरखेड़ा। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की श्रद्धापुरी सेक्टर एक में बुधवार रात कॉस्मेटिक की दुकान करने वाले रजत सैनी को तीन नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर लूट के इरादे से घर में बंधक बना लिया। व्यापारी ने शोर मचाया तो घर के लोग एकत्र हो गए और उन्होंने शोर मचा दिया। जिसके बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
रजन सैनी कॉस्मेटिक की दुकान के अलावा प्रॉपर्टी डीलिंग का भी काम करते हैं। बुधवार रात करीब आठ बजे रजत अपनी मां पद्मा और पत्नी के साथ दूसरी मंजिल पर टीवी देख रहे थे। मकान के निचले हिस्से में व्यापारी के ताऊ नरेंद्र सैनी, पड़ोसी युवक सदन गिरि और एक अन्य व्यक्ति बैठे थे। इसी दौरान तीन नकाबपोश बदमाश घर का मुख्य गेट खुला देखकर घर में घुस गए। बदमाशों ने घर घुसकर पहले बिजली की लाइन काटी और उसके बाद इनवर्टर का तार काट दिया। तीनों बदमाशों ने अंदर पहुंचकर व्यापारी को पिस्टल के दम पर बंधक बना लिया। बदमाशों ने शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी। कुछ देर बाद रजत अपने कमरे से नीचे आए। शोर सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की तरफ दौड़े। भीड़ को आता देेख बदमाश कृष्णा पब्लिक स्कूल के पीछे से होते हुए हाईवे की तरफ भाग गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों ने बदमाशों के जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। कंकरखेड़ा कार्यवाहक इंस्पेक्टर श्योपाल सिंह का कहना है कि बदमाशों की तलाश के लिए एक टीम लगा दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।