शोक प्रस्ताव के बाद भी कोर्ट चलाने के विरोध में प्रदर्शन करते अधिवक्ता। संवाद
सरधना। तहसील परिसर में अधिवक्ताओं ने एसडीएम पर गलत व्यवहार का आरोप लगाते हुए हंगामा किया है। अधिवक्ताओं का आरोप है कि शोक प्रस्ताव के बाद भी एसडीएम ने कोर्ट चलाई। सरधना बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलदीप त्यागी ने बताया कि एसडीएम का व्यवहार अधिवक्ताओं और आम जनता के लिए ठीक नहीं है। एसडीएम की कार्यशैली से जनता परेशान है। एक अधिवक्ता को फाइल फाड़ने की चेतावनी दी जा चुकी है। जिसे लेकर बार के पदाधिकारी एसडीएम से वार्ता करने गए थे। एसडीएम के गलत व्यवहार का विरोध किया। व्यवहार में सुधार नहीं होने पर बार ने सांकेतिक हड़ताल का एजेंडा जारी किया है। एसडीएम कोर्ट में न्यायिक कार्य के लिए अधिवक्ता नहीं जाएंगे। बीते सोमवार को एक अधिवक्ता की माता का निधन हो गया था जिसको लेकर बार एसोसिएशन की ओर से सभी न्यायालयों में शोक प्रस्ताव भेज दिया गया था। इसके बाद भी एसडीएम ने कोर्ट चलाई। जिससे अधिवक्ताओं में रोष है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलदीप त्यागी ने बताया कि एसडीएम के व्यवहार के विरोध में बुधवार को एसडीएम के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान बार महामंत्री मोहित शर्मा, ब्रह्मानंद शर्मा, विश्वेष कौशिक, नितिन चांदना, विरेंद्र सैनी, प्रमोद प्रधान, वेदपाल सिंह आदि मौजूद रहे।