शिवाला कलां। नूरपुर-अमरोहा मार्ग पर बुधवार की रात्रि गांव शिवाला कलां के पंचायत भवन के निकट स्कूटी सवार युवक गुलफाम की कार की टक्कर लगने से मौत हो गई।
गांव लोदीपुर मिलक निवासी गुलफाम (35) गांव शिवाला कलां में दुकान करता था। वह बुधवार की रात स्कूटी से घर आ रहा था। शिवाला कलां के पंचायत घर के निकट एक कार से उसकी स्कूटी की टक्कर लग गई। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे स्वास्थ्य केंद्र नूरपुर भेजा, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेजा। मृतक के पिता जाकिर हुसैन की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है।