मेरठ। पिता के इलाज के लिए गिरवी रखी गुदड़ी बाजार निवासी फरहान की स्कूटी दो लोगों ने कब्जा ली। पीड़ित का आरोप है कि उससे रुपये और मोबाइल भी छीन लिया गया। उसे जान से मारने की धमकी दी गई। फरहान ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फरहान ने बताया कि कुछ माह पहले उसने अपने पिता के इलाज के लिए माधवपुरम निवासी दो लोगों के पास स्कूटी गिरवी रख थी। ब्याज पर 30 हजार रुपये उधार लिए थे। बाद में रुपये की व्यवस्था होने पर वह स्कूटी छुड़ाने के लिए गया। आरोप है कि उसके साथ मारपीट की गई। हथियारों से आतंकित कर उससे रुपये और मोबाइल भी छीन लिया। आरोपी 10 प्रतिशत ब्याज की अतिरिक्त मांग कर रहे हैं। रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित ने सुरक्षा की गुहार भी लगाई। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। संवाद