श्रद्धालुओं ने भगवान आशुतोष का भांग, धतुरा, शहद, दूध, दही, चंदन और जल से जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की और परिवार में सुख शांति की कामना की। मंदिर के पुजारी पंडित जयभगवान शर्मा ने बताया कि श्रावण का अंतिम सोमवार होने के कारण मंदिर में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर में पुलिस तैनात रही। पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने दुकानों पर खरीदारी भी की। इसके अलावा नगर के बाबा जानकीदास मंदिर, ठाकुरद्वारा मंदिर, बागेश्वर मंदिर, पक्काघाट मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
श्रद्धालुओं ने भगवान आशुतोष का जलाभिषेक और पूजा अर्चना की। बाबा जानकीदास मंदिर के पुजारी ज्योतिषाचार्य पंडित राजकुमार शास्त्री ने बताया कि सोमवार को सुबह पांच बजे से ही मंदिर में श्रद्धालु आने शुरु हो गए थे।
सहारनपुर में श्रावण मास के अंतिम सोमवार को महानगर के शिव मंदिरों और जनपद के सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है। सावन मास इस बार अधिक मास के कारण इस वर्ष सावन के 8 सोमवार आए हैं।
आठवें और अंतिम सोमवार को आज श्रद्धालुओं की भगवान आशुतोष की पूजा अर्चना और अभिषेक के लिए मंदिरों में भीड़ उमर रही है। महानगर के पातालेश्वर महादेव मंदिर, भूतेश्वर महादेव मंदिर, बागेश्वर महादेव मंदिर, नर्मदेश्वर महादेव शिवालय आदि मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना के साथ जलाभिषेक किया साथ ही शिवालयों में भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया गया।