मेरठ। भामाशाह क्रिकेट मैदान पर कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी के मैच में चौथे दिन लोकल बॉय समीर रिजवी ने जमकर रंग जमाया। उनकी शतकीय पारी की बदौलत मेजबानों ने दिल्ली को चार विकेट से हराकर छह अंक हासिल किए। समीर ने टी-20 के अंदाज में 103 गेंदों पर 136 रन कूटे। 12 गगनचुंबी छक्के और आठ चौके जड़े। यूपी ने 305 रन के लक्ष्य को आसानी से 47.5 ओवर में प्राप्त कर लिया। ट्रॉफी में लगातार दो मैच जीतकर यूपी की टीम के 12 अंक हो गए हैं।
रविवार को शुरू हुए मैच में दिल्ली ने पहली पारी में 10 विकेट खोकर 354 रन बनाए थे। प्रियांश आर्य 74, अर्पित ने 61 और मयंक ने 75 रन का योगदान दिया था। यूपी की ओर से स्पिनर यशोवर्धन, प्रशांत और शुभम मिश्रा ने 3-3 विकेट लिए थे। पहली पारी में यूपी की टीम 266 रन पर सिमट गई। आदर्श ने 76, शुभम ने 57 और विजय यादव ने 52 रन की पारी खेली। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की टीम ने दूसरी पारी में 77.1 ओवर में 216 रन ही बना सकी। यूपी को 305 रन का लक्ष्य मिला। दिल्ली के आयुष ने सबसे अधिक 83 रन की नाबाद पारी खेली। गेंदबाजी में यूपी की ओर से शुभम ने 3 और विजय ने 4 सबसे अधिक विकेट लिए।
चौथे दिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी की टीम की ओर से शोएब और आदर्श बल्लेबाजी करने आए। यूपी का पहला विकेट आदर्श के रूप में 36 रन के स्कोर पर गिरा। आदर्श को अर्पित राणा ने पगबाधा आउट कर पवेलियन भेजा। उन्होंने 30 रन का योगदान दिया। दूसरा विकेट 9.1 ओवर में शोएब के रूप में गिरा। उन्हें 13 रन के निजी स्कोर पर रौनक वघेला ने दिविज के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए समीर रिजवी के सामने दिल्ली के गेंदबाजों की एक न चली। समीर ने स्पिनरों को आड़ हाथों लिया और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की।
दूसरे छोर पर रितुराज शर्मा 5 रन बनाकर अर्पित की गेंद पर कैच आउट हुए। इसके बाद कप्तान आराध्य बल्लेबाजी करने आए और दोनों ने मिलकर 140 रन जोड़े। समीर ने अपना गेम खेला और कई गेंदों को स्टेडियम से बाहर भेजा। इसके बाद 33.1 ओवर में 200 के स्कोर पर यूपी का चौथा विकेट आराध्य के रूप में गिरा। वह 46 रन बनाकर रौनक की गेंद पर कृष के हाथों कैच आउट हुए। इसके बाद आए प्रशांत वीर ने समीर का साथ दिया और दोनों लक्ष्य को छोटा करते चले गए। समीर रिजवी ने मैदान के चारों ओर रन बनाए। 136 रन बनाकर वे यतीश की गेंद पर कप्तान हार्दिक के हाथों कैच आउट हुए। 281 के कुल स्कोर पर टीम का छठा विकेट गिरा।
इसके बाद प्रशांत के साथ मिलकर विजय यादव ने यूपी को 47.5 ओवर में 308 रन बनाकर जीत दिलाई। प्रशांत ने 30 रन का योगदान दिया। दिल्ली की ओर से रौनक ने सबसे अधिक 3 विकेट लिए। मैच के सफल आयोजन में यूपीसीए सचिव सुरेंद्र चौहान, आयोजन सचिव सुभाष चंद्र शर्मा, कोषाध्यक्ष राकेश गोयल, संजय रस्तोगी, मोहम्मद शाहिद, मयंका आदि का विशेष योगदान रहा।
समीर ने खींचा चयनकर्ताओं का ध्यान
समीर रिजवी ने दिल्ली के खिलाफ हुए मैच में अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा है। ड्रॉ की ओर जाते मैच को उन्होंने अपनी पारी से यूपी की झोली में डाल दिया। उनकी पिछली तीन इनिंग की बात करें तो वह 30 से अधिक रन नहीं बना पाए थे, लेकिन दिल्ली के खिलाफ दूसरी पारी में उन्होंने सकारात्मक सोच के साथ क्रिकेट खेला। समीर पिछले कई सीजन से अपनी बल्लेबाजी के दम पर यूपी की रणजी टीम में बने हुए थे। यूपी लीग में भी लगातार दो सीजन में उन्होंने 400 से अधिक रन बनाए। इस सीजन में उन्हें यूपी रणजी टीम में नहीं चुना गया। उनकी इस पारी की कोच तनकीब अख्तर ने भी तारीफ की। समीर को बधाई भी दी।
इन्होंने किया मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
यूपी
आदर्श सिंह- 89 रन
समीर रिजवी- 150 रन
शुभम मिश्रा- 57 रन, 6 विकेट
विजय यादव- 57 रन, 4 विकेट
दिल्ली
प्रियांश आर्य- 83 रन
आयुष - 128 रन
मयंक- 106 रन
रौनक वघेला- 27 रन बनाए, 8 विकेट लिए
स्कोर - दिल्ली बल्लेबाजी, दूसरी पारी
बल्लेबाज रन गेंद 4/6
आयुष 83 166 5/1
मयंक 31 34 2/3
कृष यादव 38 92 5/0
रौनक वघेला 00 11 0/0
दिविज 08 08 1/0
अखिल 04 10 1/0
यतीश 01 14 0/0
यूपी गेंदबाजी दूसरी पारी
गेंदबाज ओवर रन विकेट
विजय 26 56 4
कुनाल 04 16 00
शुभम 30 85 3
यशोवर्धन 3 25 1
प्रशांत वीर 10 20 1
रोहित 4 9 0
यूपी बल्लेबाजी दूसरी पारी
बल्लेबाज रन गेंद 4/6
शोएब सिद्दीकी 30 29 5/0
आदर्श सिंह 13 22 2/0
समीर रिजवी 136 103 8/12
रितुराज शर्मा 05 13 1/0
यशोवर्धन 27 29 5/0
प्रशांत वीर 30 20 6/1
विजय 05 09 1/0
दिल्ली गेंदबाजी दूसरी पारी
गेंदबाज ओवर रन विकेट
दिविज 2 12 0
अखिल 2 23 0
अर्पित 12 58 2
रौनक 17 110 3
प्रियांश 8 56 0
यतीश 5.5 32 1
मयंक 1 6 0