सरसावा थाने के प्रभारी निरीक्षक सुबे सिंह ने बताया की शनिवार की देर रात शाहजहांपुर चौकी क्षेत्र में पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी की अचानक हरियाणा राज्य की ओर से बाइक पर आ रहे दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया तो वे पुलिस को गच्चा देकर ग्राम झरोली की और जा रहे कच्चे रास्ते पर उतर गए।
पुलिस पार्टी ने भी उनका पीछा किया, इसी बीच यमुना नदी के रेतीले मैदान पर जब बदमाशों की बाइक फिसल गई तो वे पैदल ही तमंचे से फायरिंग करते हुए भागने लगे। लेकिन पुलिस ने पीछा करते हुए फायरिंग का जवाब फायरिंग से दिया तो एक बदमाश घायल होकर वहीं गिर पड़ा। जबकि दूसरा अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकला।
पुलिस ने घायल बदमाश के नजदीक पहुंचकर हिरासत में ले लिया। बदमाश की पहचान मीरहसन पुत्र अली हसन ग्राम लापरा के रूप में हुई। जिस पर उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा 50 हजार रुपए का इनाम भी रखा गया था।
एसएसपी ने बताया की पकड़े गए बदमाश के विरुद्ध उत्तर प्रदेश तथा हरियाणा राज्य के विभिन्न थानों में लूट चोरी आर्म्स एक्ट गौ तस्करी आदि संगीन अपराधों में करीब 3 दर्जन से भी अधिक मुकदमे पंजीकृत हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से एक तमंचा चार जिंदा कारतूस तथा दो खोखे भी बरामद हुए। इसके साथ ही बदमाश के पास मिली बाइक भी चोरी की निकली। पुलिस टीम को 25 हजार का इनाम देने की घोषणा की है।