लावड़ - कस्बे में कच्चे मकान की छत गिरने के बाद कमरे में पड़ा मलबा। स्रोत : संवाद
लावड़। कस्बे के मोहल्ला काजियान निवासी समरजहां के कच्चे मकान की छत बारिश के चलते बुधवार देर रात गिर गई। गनीमत यह रही कि उस दौरान मकान में कोई नहीं था। परिवार के लोग बारिश के मौसम में कच्चा मकान गिरने के डर से बराबर में अपने रिश्तेदार के घर में सोए हुए थे। तेज आवाज सुनकर परिवार के लोग जाग गए और मलबे से सामान निकाला। पीड़ित दाऊद ने बताया कि लगभग चार पांच साल से वह लगातार पीएम आवास योजना के लिए आवेदन कर रहे हैं। पूर्व में उनके पिता ने भी आवेदन किया था। सूची में तो उस दौरान नाम आया, लेकिन अधिकारियों द्वारा आईएफएससी कोड गलत डाला गया। इस कारण पैसा वापस हो गया था। पिता की मौत के बाद माता के नाम से आवेदन कर रहे हैं, लेकिन सूची में नाम नहीं आया। इस कारण वह कच्चे मकान में रहने को मजबूर हैं।