ठेकेदार से एक लाख रुपये लूटे
जानीखुर्द। भोला मार्ग पर बुधवार की शाम युवक से तीन बदमाशों ने तमंचे बल पर एक लाख की नकदी व बाइक लूट ली। पुलिस देररात तक बदमाशों की तलाश में जुटी रही। मीरापुर निवासी फुरकान ठेकेदारी करता है। बुधवार वह घाट से पूठ गांव के लिए रजवाहे की पटरी से आ रहा था। भोला मार्ग से पहले बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर फुरकान को रोक लिया। बदमाशों ने उससे एक लाख रुपये की नकदी, बाइक व मोबाइल लूट लिया। बदमाश धमकी देते हुए पूठ रजवाहे की पटरी से होते हुए फरार हो गए। घटना की जानकारी पीड़ित ने 112 नंबर पर दी। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस देररात तक बदमाशों की धरपकड़ में लगी रही। पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ जानी थाने में तहरीर दी है।