घंटाघर पर मंदिर में चोरी, तीन पकड़े
मेरठ। घंटाघर पर एसपी सिटी कार्यालय से चंद कदम की दूरी पर शनिवार देर रात चोरों ने दुर्गा मंदिर के दानपात्र से 10 हजार रुपये चोरी कर लिए। रविवार सुबह पुजारी को चोरी का पता चला तो पुलिस को सूचना दी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेते हुए नकदी बरामद कर ली है। घंटाघर पर मुकुंदी धर्मशाला के बराबर में दुर्गा मंदिर है। पुजारी दिनेश शर्मा रात में अपने घर गए थे। चोर दरवाजे की ग्रिल तोड़कर मंदिर में घुस गए और दानपात्र चोरी कर लिया। पुजारी ने दानपात्र से चोरी की तहरीर दी। रविवार को आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इंस्पेक्टर देहलीगेट राजेंद्र त्यागी मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज देखी। जहां तीन आरोपी मंदिर में प्रवेश करते दिखे। फुटेज के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। इंस्पेक्टर का कहना है कि इनमें दो युवक सिविल लाइन क्षेत्र के हैं, जो नाबालिग हैं, जबकि तीसरा युवक चोरी में शामिल नहीं बताया गया है। एक अन्य दिल्ली निवासी युवक की तलाश की जा रही है। 5200 रुपये बरामद कर लिए गए हैं।