लिफ्ट देकर महिला से नकदी और जेवरात लूटे
खरखौदा। शादी समारोह से लौट रही महिला से ऑटो में सवार बदमाशों ने पांच हजार रुपये की नकदी समेत जेवर लूट लिए। पीड़िता ने तहरीर दी है।
परतापुर थाना क्षेत्र के गांव गगोल निवासी अंजू पत्नी प्रदीप शर्मा शनिवार को मेरठ में एक शादी समारोह में गई थी। रविवार को महिला तीन बच्चों के साथ वापस लौट रही थी। महिला ने बिजली बंबा चौकी पर एक ऑटो रिक्शा से लिफ्ट ली। महिला के अनुसार ऑटो रिक्शा में पहले से ही एक महिला व दो अन्य पुरुष सवारी मौजूद थी। चालक बिजली बंबा रोड से न होकर पुलिस चेकिंग की बात कहते हुए वापस हापुड़ रोड पर आकर जुबेदा मस्जिद से होते हुए गांव काजीपुर की ओर ले गया। जहां ऑटो रिक्शा में बैठे महिला सहित पुरुष ने छोटे बच्चों को गन प्वाइंट पर लेकर महिला से पांच हजार रुपये की नकदी और जेवर लूट लिए। बाद में बदमाश महिला को काजीपुर रोड से गुर्जर चौक होते हुए वापस लोहिया नगर मंडी के गेट के सामने उतारकर भाग गए। महिला ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। पीड़ित पक्ष की ओर से बिजली बंबा पुलिस चौकी पर तहरीर दी गई है।