मेरठ। रोडवेज ने लॉकडाउन से पहले बनी एमएसटी की लॉकडाउन अवधि की यात्रा वैधता बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इससे हजारों दैनिक यात्रियों को लाभ होगा। इसके लिए रोडवेज मुख्यालय से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि मार्च में निर्गत मासिक पास की यात्रा वैधता अवधि 30 दिन की थी, जबकि 22 मार्च से 31 मार्च तक 10 दिन और 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक 30 दिन बसों का संचालन नहीं हो सका था। इसके चलते यात्री अपनी एमएसटी का उपयोग नहीं कर सके। विभाग ने यात्रियों को इसका पूरा लाभ देने का निर्णय लिया है। इसके लिए विभाग 1 अगस्त से 15 अगस्त तक यात्री से एमएसटी और शुल्क जमा रसीद लेकर उनका सत्यापन करके अवशेष अवधि की यात्रा वैधता का प्रमाणपत्र जारी करेगा। एमडी डॉ. राज शेखर ने सभी आरएम को पत्र जारी करके सभी डिपो पर उक्त जानकारी चस्पा कराने के निर्देश दिए हैं।