माछरा। माछरा ब्लॉक क्षेत्र के गांव गोविंदपुरी में रास्ते के किनारे लगा लोहे का विद्युत खंभा बेहद जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है खंभा नीचे से गलकर टूटने की कगार पर है, कभी भी धराशायी होकर बड़े हादसे से का कारण बन सकता है। भाजपा नेता मोहित रस्तोगी ने बताया कि इस जर्जर खंभे ऊपर से हाईटेंशन बिजली की तारें गुजर रही हैं, जबकि खंभा पूरी तरह से झुक चुका है। इससे राहगीरों, स्कूली बच्चे और आसपास रहने वाले लोगों की जान को हर वक्त खतरा बना रहता है। इसकी शिकायत उन्होंने एसडीओ किठौर रामप्रसाद से की। एसडीओ द्वारा खंभा बदलवाने का मात्र आश्वासन दिया गया, लेकिन एक माह बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। मोहित रस्तोगी ने किसी अप्रिय घटना के बचाव और विभागीय अनदेखी को देखते हुए इसकी शिकायत आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज कराई है।