सरधना। शुक्रवार को तहसील सभागार में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान की समीक्षा बैठक हुई। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 1 जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानकर मतदाता सूची का पुनरीक्षण हो रहा है। 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। सरधना विधानसभा क्षेत्र में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6 के करीब चार हजार आवेदन आए हैं। नाम हटवाने के लिए फार्म-7 के 700 से अधिक आवेदन मिले हैं। संशोधन या निवास परिवर्तन के लिए फार्म-8 भरा जा सकता है। 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित होंगे, जहां बीएलओ बूथों पर मौजूद रहेंगे। बैठक में कुछ स्थानों पर बूथ लेवल अधिकारियों के नहीं पहुंचने की शिकायत भी सामने आई। राजनीतिक दलों से अभियान में सहयोग करने और पात्र नागरिकों के नाम सूची में शामिल कराने की अपील की गई।