मेरठ। कंकरखेड़ा की श्रद्धापुरी निवासी सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी अमरनाथ गोयल की पत्नी मंजू गोयल से साइबर ठगों ने रविवार को ऑनलाइन 87 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच की। श्रद्धापुरी फेस-वन सेक्टर छह निवासी मंजू गोयल ने रविवार को थाने पर तहरीर दी। इसमें बताया कि उनके पास एक पुराना ट्रांजिस्टर है। वह ट्रांजिस्टर खराब था। रविवार को ट्रांजिस्टर ठीक कराने के लिए कंपनी के कस्टमर केयर पर नंबर मिलाया था। इस दौरान कॉल पर मौजूद साइबर ठग ने सीनियर अधिकारी से बात कराने के लिए कहा। आरोपियों ने व्हाट्सएप कॉल की। एडवांस में 500 रुपये ऑनलाइन डालने के लिए कहा। यह भुगतान करते ही फोन हैक कर लिया। आरोप है कि बुजुर्ग महिला के फोन पर खाते से 87 हजार रुपये कटने का मेेसेज आ गया। एसपी क्राइम अवनीश कुमार को कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। संवाद