खरखौदा। गांव गोविंदपुरी में एक महिला द्वारा अपनी दो बच्चियों के साथ जंगल में पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने आठ माह बाद मृतका के पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गोविंदपुरी निवासी आयशा पत्नी मुश्ताक 16 अगस्त, 2022 को अपनी दो वर्षीय बेटी अलीशा व चार माह की दूसरी बेटी अलिबा की हत्या कर उन्हें पेड़ पर ही फांसी के फंदे पर लटका दिया था तथा स्वयं भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने मामले की जांच की। जिसमें पता चला कि मृतका का पति मुश्ताक नशे का आदी है तथा बेरोजगार है। घर का गुजारा नहीं चला पा रहा। पत्नी द्वारा शिकायत करने पर मुश्ताक उसके साथ मारपीट व परेशान करता था। पत्नी मानसिक व शारीरिक रूप से उससे प्रताड़ित थी। महिला ने उससे प्रेम विवाह किया था, जिस कारण मृतका परिजन भी उससे तथा उसके पति से कोई संबंध नहीं रखते थे। यही कारण रहा कि मृतका के मायके वालों ने मुश्ताक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कराई थी।
पति से आजिज आकर आयशा ने आठ माह पहले दोनों बेटियों की हत्या कर उन्हें भी रस्सी के सहारे फांसी पर लटका दिया तथा खुद भी पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने मृतक द्वारा उठाए गए इस कदम का जिम्मेदार उसके पति मुश्ताक को बनाया है। पुलिस ने मुश्ताक के खिलाफ पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।