मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र में शनिवार को नो एंट्री में ट्रक घुसाने वाले चालक और परिचालक के खिलाफ मुकदमा मेडिकल पुलिस ने चौकी इंचार्ज की तरफ से दर्ज किया है। पुलिस ने ट्रक को भी कब्जे में लिया है।
दरअसल शनिवार को गंगानगर की ओर से शनिवार शाम करीब 8 बजे तेज रफ्तार ट्रक नो एंट्री में घुस गया था। तेजगढ़ी चौराहा पार करते हुए चालक ने तेज रफ्तार में ट्रक को गढ़मुक्तेश्वर की तरफ मोड़ दिया था। इस दौरान कई वाहन और राहगीर ट्रक की चपेट में आने से बाल-बाल बचे थे। पुलिस और वाहन चालकों ने ट्रक का पीछा किया था। आनंद अस्पताल के पास ट्रक के आगे वाहन लगाकर उसे रोक लिया गया था। पुलिस ने आरोपी चालक और परिचालक को ट्रक से उतरने के लिए कहा था, लेकिन दोनों गाली-गलौज करने लगे थे। जिसके बाद लोगों ने चालक-परिचालक की पिटाई करनी शुरू कर दी थी। इस मामले में मेडिकल एसओ अवधेश कुमार ने बताया कि मोहिउद्दीनपुर गांव निवासी विकास कुमार और मोहित कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।