सरधना। नगर के मोहल्ला बेरून सराय निवासी एक महिला ने राशन डीलर पर उत्पीड़न और राशन न देने का आरोप लगाते हुए एसडीएम से शिकायत की है। पीड़िता का कहना है कि वैध राशन कार्ड होने के बावजूद उसे लंबे समय से राशन नहीं दिया जा रहा। शिकायतकर्ता जहांआरा पत्नी शहजाद ने बताया कि उनकी राशन एजेंसी मोहल्ला बुधबाजार में है। उनका राशन कार्ड नियमित रूप से चल रहा है और वह काफी समय से उसी कार्ड पर राशन लेती आ रही हैं। आरोप है कि अब डीलर ने बिना किसी कारण राशन देना बंद कर दिया है। जहांआरा का कहना है कि जब भी वह राशन लेने जाती हैं, डीलर उन्हें टाल देता है और राशन नहीं देता। पीड़िता ने इसे उत्पीड़न करार देते हुए एसडीएम से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।